छात्रों ने लिया उच्च शिक्षा का संकल्प
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। पटना रोड स्थित विजन आईटी कॉलेज (विजन ग्रुप संस्थान) के प्रांगण में राज्यव्यापी ‘शिक्षा संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया गया। विजन संस्थान के निदेशक अरविंद कुमार ने मुख्य ‘शिक्षा संकल्प यात्री’ निमेष शुक्ला और उनकी पूरी टीम का पुष्पगुच्छ देकर गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने शिक्षा के स्तर को सुधारने और छात्रों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे इस राज्यव्यापी कार्यक्रम के लिए निमेष शुक्ला का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
कहा कि निमेष शुक्ला द्वारा संचालित यह शिक्षा संकल्प यात्रा एक अत्यंत सराहनीय और ऐतिहासिक पहल है। विद्यार्थियों को न सिर्फ नई दिशा मिलेगी, बल्कि उन्हें भविष्य के लिए बहुत बड़ा लाभ होगा। विजन संस्थान आगे भी भविष्य में होने वाले अपने विभिन्न कार्यक्रमों में निमेष को आमंत्रित करता रहेगा। निमेष शुक्ला ने कहा कि मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि केवल लक्ष्य बना लेना ही काफी नहीं है, बल्कि उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए रटने के बजाय गहरी समझ विकसित करना और पूर्ण अनुशासन के साथ नियमित अध्ययन करना बेहद अनिवार्य है। जब छात्र किसी विषय को रटने के बजाय समझकर पढ़ते हैं, तो उनका आधार मजबूत होता है जो उन्हें हर प्रतियोगी परीक्षा में सफल बनाता है। निरंतरता, समझ और कड़ा अनुशासन ही छात्र जीवन को सफलता की ऊंचाई पर ले जाता है।
जिला समन्वयक संजय तिवारी, संयोजक परमेश्वर सिंह भी मौजूद थे। कार्यक्रम के समापन सत्र में कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य तय करने, विषयों को समझ के साथ पढ़ने और पूरी ईमानदारी व अनुशासन के साथ प्रतिदिन पढ़ाई करने का सामूहिक ‘शिक्षा संकल्प’ लिया।