नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत चंद्रगढ़ स्थित डॉ. गुप्तेश्वर प्रसाद सिंह, नंदकिशोर नारायण सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए नए शैक्षणिक सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के सचिव पंकज कुमार सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ विषयों की गहन समझ विकसित करनी चाहिए। अध्ययन के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर वे बिना संकोच शिक्षकों से मार्गदर्शन प्राप्त करें।

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित गौरेश्वर नारायण सिंह टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार भी उतने ही आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता का सम्मान करने, नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने तथा अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य विनय कुमार सिंह सहित गौरेश्वर नारायण सिंह टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के सहायक आचार्य सुनील सिंह, डॉ. रामसागर एवं डॉ. महेंद्र कुमार यादव ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और नए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन कंप्यूटर अनुदेशक अमित कुमार सिंह ने किया। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन व्यवस्था तथा विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक ओमप्रकाश सिंह, इसाद अहमद, शुभम सिंह, सुप्रिया सिंह, तनीषा मिश्रा, विकास कुमार सिंह, यशवंत सिंह, सुशील, श्वेता तिवारी सहित सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।