नवबिहार टाइम्स संवाददाता
बरही (हजारीबाग)। बरही थाना क्षेत्र के ओरपरता गांव में जंगली हाथी के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय बैजनाथ यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैजनाथ यादव गुरुवार को अपने धान के खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान जंगल से भटका एक जंगली हाथी खेत में पहुंच गया और उन पर हमला कर दिया। हाथी ने किसान को पैरों से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि वन विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पीड़ित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा देने तथा क्षेत्र में जंगली हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों से सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है। प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।