नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। वैशाली जिले में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक एटीएम को ही उखाड़कर ले जाने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के व्यस्त चक सिकंदर बाजार स्थित मेन रोड की है। बताया जा रहा है कि एटीएम में लाखों रुपये नकद थे।
जानकारी के अनुसार, देर रात अपराधी एटीएम केंद्र पहुंचे और पूरी मशीन को उखाड़कर वाहन में लादकर फरार हो गए। बाद में एटीएम से नकदी निकालने के बाद बदमाशों ने खाली मशीन को सराय थाना क्षेत्र के एक सुनसान इलाके में फेंक दिया।
शुक्रवार सुबह सराय थाना क्षेत्र के चौड़ स्थित सुनसान स्थान पर लावारिस हालत में एटीएम मशीन मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया है। साथ ही मामले के शीघ्र खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
इस घटना ने बैंक सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त मुख्य सड़क से पूरा एटीएम उखाड़कर ले जाने जैसी वारदात ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।