नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल ने बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ पटना-गया रेलखंड के तारेगना स्टेशन पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक के निर्देशन में वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने ‘लाल गाड़ी’ (विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन) के साथ सघन जांच अभियान चलाया।
सुबह 6 बजे से 9 बजे तक तारेगना स्टेशन पर जांच के दौरान 63241, 63242, 63243 और 63244 सवारी गाड़ियों को अतिरिक्त ठहराव देकर यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की गई। इसके बाद सभी जांच दल इंटरसिटी एक्सप्रेस से पटना की ओर रवाना हो गए। अचानक चले इस अभियान से बिना टिकट यात्रा करने वालों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान कुल 252 बिना टिकट एवं अनियमित टिकट वाले यात्री पकड़े गए। इनसे जुर्माने के रूप में 1,24,265 की वसूली कर रेलवे राजस्व में जमा कराया गया।
सीनियर टीसी इंस्पेक्टर ए.के. सिंह एवं धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दानापुर मंडल में बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इस अभियान का असर तुरंत देखने को मिला। चेकिंग की सूचना मिलते ही पटना-गया रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई और बड़ी संख्या में लोगों ने टिकट लेकर यात्रा की।
रेल प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित यात्रा और रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष टिकट चेकिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।