नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। किशोरी सिन्हा महिला महाविद्यालय, औरंगाबाद की छात्राएँ ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम–2026’ के अंतर्गत आयोजित ‘नशा मुक्त भारत’ विषयक जनजागरूकता अभियान में भाग लेने के लिए गुरुवार को गया रवाना हुईं। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. कुमारी गायत्री सिंह ने छात्राओं के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
महाविद्यालय का छात्रा दल राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुष्मिता कर के नेतृत्व में गया महाविद्यालय, गया में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रस्थान किया।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. गायत्री सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “नशा मुक्त भारत” का निर्माण युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने छात्राओं से समाज में नशामुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुँचाने तथा लोगों को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि महाविद्यालय की छात्राएँ कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करेंगी और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।