पाइप क्षतिग्रस्त होने से हजारों लीटर पानी बर्बाद, सड़क बनी तालाब, गरीब परिवारों को सबसे अधिक परेशानी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। नगर परिषद क्षेत्र के रहमतगंज स्थित सब्जी मंडी के पीछे जलापूर्ति के लिए बिछाई गई भूमिगत पाइपलाइन चार स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो जाने से वार्ड संख्या 21, 22 और 23 में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। पिछले 36 घंटे से जलापूर्ति बाधित रहने के कारण हजारों लोगों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह रहमतगंज में वर्षों से खाली पड़ी जमीन पर चहारदीवारी निर्माण के लिए पाइलिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान भूमिगत पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक स्थान पर पाइप फटने के बाद भी कार्य नहीं रोका गया, जिससे अलग-अलग चार स्थानों पर पाइपलाइन टूट गई और तेज गति से पानी का रिसाव शुरू हो गया।
पाइपलाइन फटने से हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है, जबकि रिसाव के कारण आसपास की सड़क जलमग्न होकर तालाब जैसी स्थिति में बदल गई है। दूसरी ओर जलापूर्ति बंद होने से प्रभावित वार्डों के लोगों, विशेषकर गरीब परिवारों को पेयजल के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड संख्या 22 के पार्षद ने बताया कि घटना की सूचना मंगलवार को ही नगर परिषद कार्यालय को दे दी गई थी, लेकिन अब तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई है।
वहीं, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजू रंजन ने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की अविलंब मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने तथा निर्माण कार्य के दौरान बरती गई लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।