नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बिहारशरीफ। बिहारशरीफ के अखाड़ा स्थित बाबा मणिराम अखाड़ा समाधि स्थल पर शनिवार को श्रद्धा और आस्था के साथ लंगोट अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री एवं जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार तथा सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने बाबा मणिराम की समाधि पर लंगोट अर्पित कर राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बाबा मणिराम की समाधि नालंदा ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना लेकर आते हैं और बाबा की समाधि पर लंगोट अर्पित करते हैं। उन्होंने बाबा से राज्य में शांति, समृद्धि और उन्नति के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दीर्घायु, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की भी प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि बिहारशरीफ सूफी संतों और संत परंपरा की पावन धरती रही है। बाबा मणिराम लोककल्याण, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता के प्रतीक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही विकसित बिहार का निर्माण संभव है।

मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार बाबा मणिराम अखाड़ा परिसर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर रही है। समाधि स्थल और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराया गया है तथा कई विकास कार्य अभी निर्माणाधीन हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने बाबा मणिराम मंदिर की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह बिहार का एक अनूठा आस्था केंद्र है, जहां प्रसाद स्वरूप लंगोट अर्पित करने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर यहां आते हैं और बाबा के आशीर्वाद से उनकी इच्छाएं पूर्ण होने की मान्यता है। उन्होंने इस धार्मिक विरासत के संरक्षण तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील भी की।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव गुलरेज अंसारी, रजनीश कुमार सिंह, जिला प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार, देव जनार्दन पंडित, अमित कुमार, युवा जदयू अध्यक्ष धीरज पटेल, छात्र जदयू अध्यक्ष सन्नी पटेल, डॉ. वसुंधरा कुमारी, निरंजना गुप्ता, आशीष महतो, चंदन पटेल, दिनेश महतो, राजेश गुप्ता, पूर्व उपमहापौर शंकर साव, अजय चंद्रवंशी, नारायण यादव, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. महेश प्रसाद सिंह, राकेश कुमार, मुकेश सिंह, बंटी यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।