नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बारून थाना क्षेत्र में शनिवार रात डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि उनकी हत्या उनके ही चालक मिथिलेश कुमार ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर की थी।
मामले की जांच के लिए औरंगाबाद पहुंचे मगध के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों को बताया कि घटना के बाद चालक ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से झूठी सूचना दी थी। पूछताछ के दौरान उसके बयान बार-बार बदलने पर पुलिस को उस पर संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

आईजी ने बताया कि चालक मिथिलेश कुमार और कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार के बीच पहले से अक्सर विवाद और बहस होती रहती थी। घटना वाली रात भी दोनों पटना जा रहे थे। रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। इसी दौरान चालक ने वाहन रोक दिया और गाड़ी में पीछे रखी लोहे की रॉड निकालकर कार्यपालक पदाधिकारी पर लगातार वार कर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद चालक ने घटना को दूसरा रूप देने का प्रयास किया और पुलिस को भ्रामक जानकारी दी, ताकि संदेह किसी अन्य दिशा में जाए। हालांकि पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पूरा मामला सामने आ गया।
आईजी विकास वैभव ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है तथा मामले के प्रत्येक बिंदु का सत्यापन किया जा रहा है। हत्या के पीछे के सभी संभावित कारणों की भी जांच जारी है।