शहर से गांव तक दहशत, हर गली-मोहल्ले में घूम रहे कुत्तों के झुंड, पीएचसी में बढ़ी मरीजों की भीड़
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कुत्तों के हमलों की बढ़ती घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। सुबह-शाम स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को कुत्तों के झुंड का सामना करना पड़ रहा है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मसौढ़ी के आंकड़े भी इस स्थिति की गंभीरता को दर्शाते हैं। पीएचसी प्रभारी डॉ. रामानुज के अनुसार, 17 जुलाई से 30 जुलाई के बीच मात्र 15 दिनों में 312 लोगों ने कुत्ते के काटने के बाद रेबीज रोधी टीका लगवाया है। सामान्य दिनों में पूरे मसौढ़ी प्रखंड से हर महीने लगभग 100 से 125 मरीज ही वैक्सीन लगवाने पहुंचते हैं, लेकिन इस बार मरीजों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है।
डॉ. रामानुज ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कुत्ता काट ले, तो वह घाव को तुरंत साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोए तथा बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर रेबीज रोधी टीका अवश्य लगवाए।
इधर, बढ़ते खतरे को देखते हुए स्थानीय लोगों ने नगर परिषद और प्रखंड प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने तथा उनकी नसबंदी कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो कुत्तों के हमलों की घटनाएं और बढ़ सकती हैं, जिससे आमजन की सुरक्षा पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।