रिजेक्ट कोयला निकालने के दौरान हुआ हादसा, छह महिलाएं और एक पुरुष आए चपेट में; मृतकों में दो की हुई पहचान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत कथारा ओपी क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 4:45 बजे कोयले का विशाल ढेर अचानक धंस गया। इसकी चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोगों के भी दबने की सूचना है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीण जलावन के लिए स्टॉकयार्ड से रिजेक्ट कोयला निकाल रहे थे। इसी दौरान ऊपर जमा कोयले का ढेर अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। हादसे में छह महिलाएं और एक पुरुष इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी प्रभावित लोगों को इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन महिलाओं की मौत की सूचना मिली। मृतकों में कौशल्या देवी और पुष्पा देवी की पहचान हुई है, जबकि तीसरी महिला का नाम फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। तीनों महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली बताई जा रही हैं।

प्रारंभिक जानकारी में हादसे का संबंध अवैध रूप से कोयला निकालने से जोड़ा जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। बेरमो एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने घटना की जानकारी दी है। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और सीसीएल प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।