नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय , जमुहार, रोहतास, बिहार के प्रबंधन अध्ययन संकाय ने बुधवार प्रबंधन विषय में डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पी एच.डी.) की उपाधि प्रदान किए जाने के साथ एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल की है। प्रबंधन अध्ययन संकाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सुश्री अमीषा को प्रतिष्ठित डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। उनका शोध प्रबंध “सोशल मीडिया के माध्यम से एम्प्लॉयर ब्रांडिंग तथा प्रतिभा अधिग्रहण एवं प्रतिधारण पर इसका प्रभाव: भारत की आईटी कंपनियों पर आधारित एक अध्ययन” विषय पर था। उन्होंने अपना शोध कार्य प्रो. डॉ. रजनीश रत्न के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रो. डॉ. विवेक शर्मा के सह-मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ.जगदीश सिंह, विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. डॉ. आलोक प्रताप तथा परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह ने शोधार्थियों, शोध निर्देशकों एवं सह-शोध निर्देशकों को उनके समर्पण और अथक प्रयासों के लिए बधाई दी। इस अवसर पर प्रबंधन अध्ययन संकाय के प्रो. डॉ.अजय भूषण प्रसाद भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि प्रबंधन विषय में सतत् पीएच.डी. उपाधियों का प्रदान किया जाना विश्वविद्यालय की उच्च गुणवत्ता वाले शोध को प्रोत्साहित करने की बढ़ती प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस प्रकार के शोध अकादमिक ज्ञान के विस्तार के साथ-साथ सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
इस अवसर पर प्रबंधन अध्ययन संकाय से प्रो. डॉ. सुधांशु वर्मा, प्रो. डॉ. रचना दशोरे, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. बी.एस. गुप्ता, मोहम्मद गौहर हसनैन, सुश्री पम्मी कुमारी, एवं डॉ. निखिल निशांत भी उपस्थित थे।विश्वविद्यालय प्रशासन, संकाय सदस्यों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने उपाधि प्राप्त करने वाली शोधार्थी तथा उनके शोध निर्देशकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।