नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के अंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत रजपरसा गांव के वीर सपूत एवं सीमा सुरक्षा बल के जवान जयंत कुमार देश सेवा के दौरान शहीद हो गए। किशनगंज सीमा पर ड्यूटी के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से उनका निधन हो गया। शहादत की खबर मिलते ही पूरे जिले एवं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
शहीद जवान का पार्थिव शरीर शहर पहुंचने पर भाजपा के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने उनके आवास पर पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना भी दी।
पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने कहा कि जयंत कुमार वर्ष 2002 में सीमा सुरक्षा बल में भर्ती हुए थे और करीब 24 वर्षों तक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ देश की सीमाओं की रक्षा करते रहे। उन्होंने कहा कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान उनका बलिदान पूरे औरंगाबाद जिले तथा प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा, “जयंत कुमार की शहादत पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। हम सभी की आंखें नम हैं। देश ने एक साहसी, कर्तव्यनिष्ठ और वीर जवान को खो दिया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
शहीद जवान के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य कृष्णा सिंह, चुन्नू सिंह, जिला मीडिया प्रभारी मितेन्द्र कुमार सिंह सहित हजारों की संख्या में युवाओं, ग्रामीणों और राष्ट्रभक्त नागरिकों ने नम आंखों से वीर सपूत को अंतिम विदाई देते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे क्षेत्र में भारत माता के जयघोष और शहीद अमर रहें के नारों के बीच उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।