पति समेत कई नामजद, घटना के बाद सभी आरोपी फरार, पुलिस कर रही छापेमारी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धनरूआ थाना क्षेत्र के बहरामपुर ओपी अंतर्गत ओलिपुर गांव में एक विवाहिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटकाने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है। घटना के बाद मृतका के ससुराल पक्ष के कई सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए।
मृतका की पहचान ओलिपुर गांव निवासी संजू देवी (30), पति मुन्ना प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि संजू देवी की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व हुई थी। उसके दो बच्चे हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान परिवार के सदस्यों ने संजू देवी के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने कथित रूप से शव को फांसी पर लटकाने का प्रयास किया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
घटना की सूचना मिलने पर बहरामपुर ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि महिला अभी जिंदा है। इसके बाद पुलिस ने संजू देवी को तत्काल धनरूआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बहरामपुर ओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में पति मुन्ना प्रसाद समेत कई लोगों को नामजद किया गया है।
घटना के बाद सभी नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।