फोरलेन चौक के पास चल रहा था तेल का अवैध कारोबार, चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष ने पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत का लगाया आरोप; आधा दर्जन से अधिक डिपो संचालित होने का दावा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जैनामोड़ फोरलेन चौक के पास अवैध रूप से संचालित एक तेल डिपो में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। डिपो में पेट्रोल, डीजल और एथेनॉल का अवैध रूप से भंडारण किया जा रहा था। आग ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना को लेकर जैनामोड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय सिंह ने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन की कथित मिलीभगत से जैनामोड़ और आसपास के इलाके में आधा दर्जन से अधिक अवैध तेल डिपो संचालित हो रहे हैं। इन डिपो में पेट्रोल, डीजल और एथेनॉल से लदे वाहनों से तेल निकालकर जमा किया जाता है। इसके बाद इस तेल को बाजार में कम कीमत पर बेचा जाता है।
संजय सिंह के अनुसार, शुक्रवार को लगी आग में एक हजार लीटर से अधिक पेट्रोल, डीजल और एथेनॉल जलने की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि जैनामोड़ सहित आसपास के क्षेत्रों में संचालित सभी अवैध तेल डिपो की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही इस कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।