नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शुक्रवार को गया टाउन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिहार शिक्षा परियोजना के तहत मड़नपुर स्थित चंद्रशेखर उच्च विद्यालय के नवनिर्मित विद्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधुनिक एवं सुविधायुक्त विद्यालय भवनों का निर्माण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होने से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी।
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि अशोक उच्च विद्यालय, खरखुरा, नव स्थापित उच्च विद्यालय, शहमीरतकया मध्य विद्यालय तथा उत्क्रमित मध्य उच्च विद्यालय, गोदावरी के भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी विद्यालयों में जी+4 मॉडल के आधुनिक भवन बनाए जा रहे हैं, जिनके निर्माण पर लगभग 40-40 लाख रुपये की लागत व्यय की जा रही है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद हजारों छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि अपने विधायी मद एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत भी शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में हरांचल उच्च विद्यालय, नूतन नगर में 14 लाख 95 हजार रुपये की लागत से भवन निर्माण योजना स्वीकृत की गई है। इसके अलावा मां बागेश्वरी मंदिर के निकट स्थित मध्य विद्यालय, लोको में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है।
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि उच्च विद्यालय, गोदावरी तथा नव स्थापित उच्च विद्यालय, धनिया बगीचा की चारदीवारी निर्माण की स्वीकृति भी मिल चुकी है। वहीं बनवाली बाबा कन्या उच्च विद्यालय के शेष निर्माण कार्य एवं उच्च विद्यालय, चांद चौरा की चारदीवारी निर्माण की स्वीकृति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
उन्होंने कहा कि गया टाउन विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रेम सागर, राजनंदन गांधी, वीरेंद्र राउत, विनोद पासवान, छोटू प्रसाद, जितेंद्र प्रसाद, राज कुमार, ऋषभ राज, शिवा मांझी, छोटू गौतम सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।