नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। पातेपुर थाना क्षेत्र के खेसराही गांव में शुक्रवार देर रात प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान खेसराही गांव के वार्ड नंबर-1 निवासी अरुण कुमार सिंह के पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार आशीष कुमार का सकरा थाना क्षेत्र के गनीपुर बेझा गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों करीब एक सप्ताह पूर्व घर से चले गए थे और शादी करने की बात भी सामने आई थी। इस दौरान शादी से संबंधित तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई थीं।
बताया गया कि युवती के परिजनों की ओर से मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने आशीष को उसके परिजनों के हवाले कर दिया था। वहीं युवती को बरामद किए जाने के बाद उसका न्यायालय में बयान दर्ज कराया गया और उसे परिजनों के साथ भेज दिया गया।
परिजनों का कहना है कि घर लौटने के बाद आशीष काफी तनाव में था और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। शुक्रवार देर रात परिजनों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पातेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
बताया जाता है कि आशीष जेसीबी चलाने का काम करता था और सकरा थाना क्षेत्र के गनीपुर बेझा गांव स्थित एक चिमनी में जेसीबी चलाने के दौरान उसकी युवती से जान-पहचान हुई थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।