नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला निबंधन कार्यालय, औरंगाबाद में 3 अगस्त से दस्तावेज निबंधन की प्रक्रिया पूर्णतः पेपरलेस एवं डिजिटल कर दी गई है। वहीं विभागीय आदेश के अनुसार 17 अगस्त 2026 से अवर निबंधन कार्यालय, दाउदनगर में भी दस्तावेज निबंधन की पेपरलेस व्यवस्था प्रारंभ की जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत आमजन ई-निबंधन पोर्टल के माध्यम से जमीन निबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारी स्वयं अथवा सेवा प्रदाता के माध्यम से ऑनलाइन भर सकेंगे तथा अपनी सुविधा के अनुसार निबंधन के लिए स्लॉट बुक कर सकेंगे। इससे निबंधन कार्यालय में अनावश्यक रूप से बार-बार आने की आवश्यकता कम होगी।
पेपरलेस व्यवस्था में निबंधन की मूल प्रक्रिया पूर्व की तरह ही रहेगी, लेकिन कागजी दस्तावेजों के स्थान पर दस्तावेज तैयार करने एवं संबंधित प्रक्रियाओं को डिजिटल माध्यम से पूरा किया जाएगा। हस्ताक्षर भी डिजिटल माध्यम से किए जाएंगे। इससे दस्तावेजों में अनधिकृत छेड़छाड़ की संभावना कम होगी तथा निबंधन से संबंधित अभिलेख ऑनलाइन सुरक्षित रहेंगे।
जिन पक्षकारों को ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाई होगी, उनके लिए May I Help You Counter के माध्यम से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही निबंधन कार्यालय में सेवा प्रदाता के रूप में उपलब्ध कर्मियों के माध्यम से भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने की सुविधा रहेगी।
निबंधन की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत निबंधित दस्तावेज की डिजिटल प्रति पक्षकार के पंजीकृत मोबाइल नंबर, ई-मेल एवं व्हाट्सऐप पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त आवश्यकता के अनुसार निबंधन कार्यालय से निबंधित दस्तावेज की हार्ड कॉपी भी प्राप्त की जा सकेगी। पक्षकार अपनी सुविधा के अनुसार दस्तावेज की PDF प्रति भी डाउनलोड कर सकेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार पेपरलेस निबंधन व्यवस्था से समय एवं कागज दोनों की बचत होगी तथा निबंधन प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ेगी। ऑनलाइन प्रक्रिया के कारण आमजन को जमीन के निबंधन के लिए अधिक सरल, सुरक्षित एवं पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध होगी।
जिला निबंधन कार्यालय द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे नई डिजिटल व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा निबंधन से संबंधित किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर कार्यालय में उपलब्ध May I Help You Counter से सहायता प्राप्त करें।