नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। जिले के किंजर थाना क्षेत्र के झुनाठी गांव में बुधवार को बिजली करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सीमा देवी (50 वर्ष), पति हरे राम शर्मा और उनके पुत्र शुभम कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
बताया जाता है कि सीमा देवी घर के पास गाय बांधने जा रही थीं। इसी दौरान गाय उनके हाथ से छूटकर ट्रांसफार्मर की ओर भाग गई। गाय को पकड़ने के प्रयास में सीमा देवी ट्रांसफार्मर के समीप पहुंचीं, जहां बिजली के तार की चपेट में आ गईं। मां को करंट की चपेट में आया देखकर उनका पुत्र शुभम कुमार भी वहां पहुंचा और वह भी बिजली के संपर्क में आ गया।
बिजली स्पर्शाघात के बाद दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल अरवल लाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में रखा गया है।
एक साथ मां और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी शोक और आक्रोश का माहौल है।