नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। थाना क्षेत्र के हांसडीह के पास बुधवार को ट्रांसफार्मर जलने और पेयजल संकट से परेशान सैकड़ों लोगों ने सड़क जाम कर दिया। हांसडीह मुसहरी के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम के कारण मार्ग पर घंटों यातायात बाधित रहा।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि पिछले करीब 20 दिनों से इलाके का ट्रांसफार्मर जला पड़ा है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके बाद उन्हें मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल ही में विधायक अरुण मांझी और मुख्य पार्षद पिंकी देवी भी इलाके में शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे। उस दौरान भी लोगों ने उनसे ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व अशोक मांझी, बृहस्पति मांझी, महेश मांझी, छोटन मांझी, दिनेश मांझी, सिया शरण मांझी, सुनीता देवी, कलावती देवी और राजमणिया देवी समेत अन्य लोगों ने किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिकायत करने के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं होता है, तो सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ता है।
जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसी बीच बिजली विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि जला हुआ ट्रांसफार्मर तत्काल बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। इसके बाद आनन-फानन में ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया शुरू की गई।
स्थानीय लोगों ने हांसडीह मुसहरी में अतिरिक्त चापाकल लगाने की भी मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, पूरे इलाके में करीब 250 परिवार फिलहाल एक ही चापाकल पर निर्भर हैं। बिजली रहने पर किसी तरह पानी की व्यवस्था हो जाती है, लेकिन बिजली आपूर्ति बाधित होने पर पेयजल संकट और गंभीर हो जाता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अतिरिक्त चापाकल लगवाने और स्थायी पेयजल व्यवस्था कराने की मांग की है।