नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की पहल पर गयाजी के ऐतिहासिक गांधी मैदान को एक नया स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। मैदान को स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की गई। बैठक में नगर आयुक्त, सिटी एसपी, डीएसपी, सिविल लाइन थाना प्रभारी और पर्यावरण विभाग की नोडल पदाधिकारी अर्चना समेत कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे, ताकि योजनाओं को जमीन पर जल्द से जल्द उतारा जा सके।
आम नागरिकों और टहलने आने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब गांधी मैदान के पाथ-वे पैदल चलने वाले मार्ग पर बाइक और अन्य वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। पर्यावरण को शुद्ध और सुंदर बनाने के उद्देश्य से मैदान परिसर में 500 से अधिक नए पौधे लगाए जाएंगे, जिससे शहरवासियों को एक स्वस्थ और प्राकृतिक वातावरण मिल सके।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गांधी मैदान गयाजी हमारे शहर का हृदय स्थल है। इसे स्वच्छ और सुंदर रखना हम सबका कर्तव्य है। मैदान और उसके आसपास 500 से ज्यादा नए पौधे लगाए जाएंगे। यह पहल हमारे शहर की हवा को साफ और जीवन को स्वस्थ बनाएगी।
डॉ प्रेम कुमार ने गांधी मैदान में अवैध कब्जा और नशाखोरी करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। पुलिस प्रशासन को तुरंत गश्त बढ़ाने और समय पर गेट बंद करने के सख्त आदेश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि गांधी मैदान का पाथ-वे अब पूरी तरह से टहलने और कसरत करने वालों के नाम होगा। यहाँ अब मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। इससे सुबह-शाम टहलने वाले लोगों को बड़ा सुकून मिलेगा और उनकी सुरक्षा बढ़ेगी। प्रशासन ने बाहर ही गाड़ियों के लिए सही पार्किंग जगह तय करने का आदेश दिया है। गांधी मैदान में बेसहारा पशुओं के घूमने पर तुरंत रोक लगाई जाए। होमगार्ड के जवानों को मैदान में सख्त पहरा देने का निर्देश मिला है। सार्वजनिक स्थल की स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रशासन अब गांधी मैदान की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सख्त हो गया है। अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मैदान में बिना अनुमति के घुसने वालों और गड़बड़ी फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। मैदान की लगातार निगरानी होगी ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले बच न सकें।
गयाजी के कायाकल्प और इसे एक आदर्श शहर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। डॉ. प्रेम कुमार ने गांधी मैदान को इस अभियान का केंद्रबिंदु बनाते हुए अधिकारियों को एक ठोस और मिलकर काम करने की योजना तैयार करने को कहा है। मैदान की साफ-सफाई, हरियाली, बेहतरीन रोशनी, सुरक्षा और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं को जल्द ही एक नए और प्रभावी रूप में लागू किया जाएगा, ताकि यह ऐतिहासिक स्थल शहर की खूबसूरती और हरियाली की एक बेहतरीन मिसाल बन सके।
गांधी मैदान अब कूड़े के ढेर से पूरी तरह मुक्त हो गया है, जिससे यहाँ आने वाले आम नागरिकों और स्थानीय लोगों ने चैन की सांस ली है। पहले यहाँ कचरा डंप होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था और स्वास्थ्य व पर्यावरण पर भी खतरा मंडरा रहा था। इस गंभीर मुद्दे पर नागरिकों के निरंतर प्रयासों और नगर आयुक्त के समक्ष उठाई गई आवाज का आखिरकार सकारात्मक परिणाम सामने आया है। प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए गांधी मैदान से डंपिंग प्वाइंट को पूरी तरह हटा दिया है। यह एक ऐतिहासिक और सराहनीय पहल है, जिससे मैदान की खूबसूरती और यहाँ का स्वच्छ वातावरण एक बार फिर लौट आया है।