बंदेया थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान हुई थी गोलीबारी, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को दबोचा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद पुलिस ने हत्या के प्रयास एवं फायरिंग के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने मामले में घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, एक एयर गन, एक जिंदा कारतूस तथा फायर किया हुआ एक खोखा भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त को बंदेया थानाध्यक्ष को मो. आरजू खान ने सूचना दी थी कि उनके सगे भाई मो. अरसद खान को आपसी विवाद को लेकर करीब 15 लोगों ने गाली-गलौज के बाद गोली मारकर घायल कर दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही औरंगाबाद पुलिस ने बंदेया थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां से एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया।
इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बंदेया थाना क्षेत्र के ग्राम जैतीया में छापेमारी कर दो आरोपियों के साथ एक विधि-विरुद्ध किशोर को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों की निशानदेही पर मो. मिस्तर खान के घर के पास रखे कचरे से एक देसी कट्टा और एक एयर गन बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि विधि-विरुद्ध किशोर के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में बंदेया थाना कांड संख्या 98/26, दिनांक 29 अगस्त 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में जैतीया गांव निवासी 51 वर्षीय मो. मिस्तर खान और 43 वर्षीय मो. महबूब खान शामिल हैं। दोनों के पिता का नाम मोसीम खान बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।