नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नबीनगर। ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे सुरक्षा बल नबीनगर की टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए ट्रेन से लावारिस हालत में अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 5,400 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर निरीक्षक प्रभारी राम विलास राम के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक शिव शंकर यादव, आरक्षी संजीव कुमार, आरक्षी सत्य प्रकाश एवं आरक्षी शैलेश कुमार शर्मा की टीम ने गाड़ी संख्या 63557 अप की जांच की।
जांच के दौरान नवीनगर रेलवे स्टेशन पर कोच संख्या ईसी-218507 में एक ट्रॉली बैग लावारिस हालत में रखा मिला। बैग की तलाशी लेने पर उसमें 40 अदद छबीली देशी शराब, प्रत्येक 200 मिलीलीटर तथा 40 अदद किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर, प्रत्येक 500 मिलीलीटर बरामद हुई।
आरपीएफ के मुताबिक बरामद शराब की कुल मात्रा 28 लीटर है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5,400 रुपये बताई गई है। मौके पर निरीक्षक राम विलास राम द्वारा विधिवत जब्ती सूची तैयार कर शराब को जब्त किया गया।
बरामद शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष, सदर उत्पाद, औरंगाबाद को सुपुर्द कर दिया गया है। आरपीएफ ने बताया कि ऑपरेशन सतर्क के तहत अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।