अर्श सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने पटवाटोली में किया आयोजन, दवाओं का भी मुफ्त वितरण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। आर्येय अरिहंत फाउंडेशन के तत्वावधान में गया के दुर्गा स्थान मंदिर प्रांगण, पटवाटोली, मानपुर में अर्श सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की ओर से निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में लगभग हजारों मरीजों का मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श और इलाज किया गया। मरीजों के बीच निःशुल्क दवाओं का भी वितरण किया गया। आयोजन में श्री दुर्गा जी पटवाय जाति के अंतर्गत पटवा आरोग्य मंदिर का सहयोग रहा।
शिविर में अर्श सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक सह हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नवनीत निश्चल और डॉ. कविता निश्चल की प्रमुख भूमिका रही। उनके अलावा डॉ. अभिरंजन प्रसाद, डॉ. अभिजीत कुमार, डॉ. नीरज कुमार मिश्रा, डॉ. जामिल अंसारी, डॉ. अमबरी परविन, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. सौरभ राज और डॉ. राखी रंजन ने मरीजों को चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने में सहयोग किया। विवेक कुमार, रमेश कुमार, अमर पांडेय, अमित कुमार, आदित्य शर्मा, मनोज कुमार, संतोष कुमार और सतीश कुमार भी शिविर में मौजूद रहे।
डॉ. नवनीत निश्चल ने कहा कि अर्श सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मुफ्त चिकित्सा सेवा और दवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर कई लोग पैसे के अभाव में उचित इलाज नहीं करा पाते। ऐसे लोगों को सेवा भाव से निःशुल्क इलाज और दवा उपलब्ध कराई जा रही है। यह सेवा आगे भी जारी रहेगी।
शिविर के आयोजन पर स्थानीय लोगों ने अर्श सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और डॉ. नवनीत निश्चल व डॉ. कविता निश्चल के प्रति आभार जताया।