नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में बुधवार सुबह गंगा नदी में एक बड़ा नाव हादसा हो गया। करीब 11 लोगों को लेकर राघोपुर से दीघा जा रही एक निजी नाव महात्मा गांधी सेतु के पुराने 9 नंबर पाया के पास एक बड़े पत्थर से टकरा गई। टक्कर के बाद नाव का संतुलन बिगड़ा और वह गंगा में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पत्थर से टकराते ही पलट गई नाव
जानकारी के मुताबिक, नाव राघोपुर से दीघा की ओर जा रही थी। इसी दौरान पुल के पुराने 9 नंबर पाया के पास नाव एक बड़े पत्थर से जा टकराई। तेज टक्कर के कारण नाव असंतुलित हो गई और कुछ ही समय में नदी में पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। उनकी मदद से करीब 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, दो लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। इसके बाद डीएम वर्षा सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रेस्क्यू टीमों को लापता लोगों की तलाश तेज करने के निर्देश दिए। हादसे के करीब तीन घंटे बाद SDRF और NDRF की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद नदी में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। टीमें संभावित स्थानों पर लगातार तलाशी कर रही हैं।
दो लोगों की तलाश जारी
नाव हादसे की खबर मिलते ही राघोपुर से लेकर महात्मा गांधी सेतु तक लोगों की भीड़ जमा हो गई। लापता लोगों के परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल 9 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि दो लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन की टीमें पूरे अभियान की निगरानी कर रही हैं। साथ ही हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है.श।