नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
लखनऊ। विधानसभा चुनाव की दहलीज पर खड़े उत्तर प्रदेश में योगी सरकार महिलाओं को बहुत बड़ी सौगात देने जा रही है. राज्य की एक करोड़ महिलाओं को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे. यह रकम सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी. इस योजना की पहली किस्त 20 दिसंबर को जारी की जाएगी. इसके बाद दूसरी किस्त में 30 हजार रुपये और तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये दिए जाएंगे. सरकार उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन के तहत ब्याज मुक्त लोन के रूप में यह राशि मुहैया कराएगी. इसके लिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी एक करोड़ महिलाओं को एक विशेष क्रेडिट कार्ड दिया जाएगा. यह योजना तीन वर्षों के लिए लागू की जाएगी.
इस योजना के बारे में जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार लगातार महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं. ऐसे में यह योजना स्वयं सहायता समूहों की एक करोड़ दीदियों को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने के लिए लागू की जा रही है. उन्होंने बताया कि बुधवार को योजना भवन में ग्राम्य विकास विभाग की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें बैंकों के साथ योजना को धरातल पर उतारने को लेकर गहन मंथन हुआ. योजना के तहत एक करोड़ दीदियों को पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये का ब्याज मुक्त क्रेडिट दिया जाएगा. इस धनराशि का उपयोग महिलाएं अपने छोटे व्यवसाय को शुरू करने या पहले से चल रहे उद्यम को विस्तार देने के लिए कर सकेंगी.
बैठक में निर्देश दिए गए कि बैंकिंग व्यवस्था को ग्रामीण महिलाओं के लिए और अधिक सुलभ और आसान बनाया जाए. साथ ही, बैंक से संबंधित विभिन्न कार्यों को भी समूह की प्रशिक्षित दीदियों के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर कराने की संभावनाओं को बढ़ावा दिया जाए.
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पहली किस्त का भुगतान लौटाने के बाद लाभार्थियों को 30 हजार रुपये की दूसरी किस्त दी जाएगी और उसके बाद तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये मुहैया कराए जाएंगे. उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि पात्र दीदियों को योजना का लाभ डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए, ताकि बिचौलियों की किसी भी संभावना को खत्म किया जा सके और लाभार्थियों को समय पर राशि प्राप्त हो सके.
महिलाओं को आर्थिक मदद देने के साथ-साथ योगी सरकार जल्द ही प्रदेश की 50 हजार युवतियों को मुफ्त स्कूटी भी देने जा रही है. इसके लिए कॉलेज स्तर पर योग्य छात्राओं का चयन किया जा रहा है. एक तरफ छात्राओं का सत्यापन कार्य जारी है, तो दूसरी तरफ स्कूटी आपूर्ति के लिए कंपनी का चयन भी अंतिम दौर में चल रहा है. सरकार ने इसके लिए पिछले दिनों बजट का आवंटन करने के साथ ही सभी जरूरी नियमों का ऐलान भी कर दिया था. इस योजना के तहत छात्राओं को पेट्रोल वाली स्कूटी दी जाएगी और साथ ही 5 लीटर पेट्रोल भी मुफ्त दिया जाएगा.