धावा नदी के पास जुटे रेलवे कर्मी, समाजसेवी व स्थानीय लोग, मृत यात्रियों की आत्मा की शांति के लिए रखा मौन
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
रफीगंज (औरंगाबाद)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड पर रफीगंज रेलवे स्टेशन से करीब चार किलोमीटर पश्चिम धावा नदी के पास बुधवार रात राजधानी एक्सप्रेस दुर्घटना की 24वीं बरसी पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर पूजा-अर्चना कर हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों को श्रद्धांजलि दी।
पीडब्ल्यूआई इंचार्ज गौरव कुमार, कांग्रेस नेता डॉ. तुलसी यादव एवं विनोद कुमार ने बताया कि 9 सितंबर 2002 को इसी स्थान पर हावड़ा से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में 150 से अधिक यात्रियों की मौत हुई थी। धावा नदी पुल के समीप आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और कैंडल जलाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शुभम सिंह ने बताया कि हादसे के बाद से प्रत्येक वर्ष 9 सितंबर को रेलवे कर्मी, आरपीएफ जवान और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना में मृत यात्रियों को श्रद्धांजलि देते हैं। उन्होंने कहा कि हादसे की स्मृति आज भी स्थानीय लोगों के मन में ताजा है और हर वर्ष आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम मृतकों को श्रद्धापूर्वक याद करने का माध्यम बन गया है।
कार्यक्रम में डॉ. तुलसी यादव, जदयू के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार, शुभम सिंह, पप्पू यादव बाबा, अजय कुमार, संदीप कुमार, मनोज कुमार मधुकर, आजाद कुमार मधुकर, गौरव कुमार, महीप कुमार, रविशंकर, खेमचंद लखड़ा, रामदास मांझी, कृष्ण मुरारी कुमार, रंजीत कुमार, बालमुकुंद, सत्यप्रकाश, दिलीप कुमार, एयर मार्शल मेठ दिलीप कुमार, सत्यप्रकाश आजाद, मनोज मधुकर, विराट कश्यप एवं जितेंद्र गोस्वामी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।