2.25 लाख रुपये नकद, 11 मोबाइल और ताश की गड्डियां बरामद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
खगौल। खगौल थाना क्षेत्र के निमतल्ला रोड फाटक के पास पुलिस ने जुए के एक बड़े अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 2 लाख 25 हजार 810 रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपितों में वार्ड पार्षद महेंद्र कुमार सिंह समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि निमतल्ला रोड फाटक के पास स्थित एक मकान में 10 से 12 लोग बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के बाद नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक दानापुर के नेतृत्व में खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने विशेष छापेमारी टीम गठित की। टीम ने सूचना के आधार पर मकान में छापेमारी की, जहां जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार लोगों में वार्ड पार्षद महेंद्र कुमार सिंह, अनिल कुमार, मनीष कुमार, सन्नी कुमार, मोहन प्रसाद, सुमीत कुमार, मोहम्मद शरफू, संतोष कुमार, शमीम कुरैशी, मिथिलेश कुमार, बिक्की कुमार, निखिल कुमार और मुन्ना कुमार के नाम शामिल हैं। पुलिस के अनुसार महेंद्र कुमार सिंह उक्त मकान का मालिक है, जहां जुआ खेला जा रहा था। गिरफ्तार आरोपित खगौल, फुलवारीशरीफ, जानीपुर और शाहपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
इस संबंध में खगौल थाना कांड संख्या 464/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने जुआ अधिनियम सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी टीम में दल्लुचक ओपी प्रभारी सब इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, सिद्धार्थ कुमार, सुनील कुमार और राजीव कुमार समेत खगौल थाना के पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उक्त स्थान पर जुए का कारोबार कब से चल रहा था और इसमें अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।