नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। मसौढ़ी थाना क्षेत्र के दहीभत्ता गांव के समीप जवाहर नगर मोहल्ले में सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान श्लोक कुमार गिरी, पिता महेंद्र पुरी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से थाना सिलाव, दरियापुर, बिहारशरीफ गांव का रहने वाला था और मसौढ़ी में किराए के मकान में रहकर जीविका कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में काम करता था।

परिजनों के अनुसार वह पिछले करीब 6 सालों से मसौढ़ी जीविका कार्यालय में कार्यरत था।परिजनों ने बताया कि बीते रात करीब 9 बजे उसके पास किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह रूम से बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव सड़क किनारे पैन में मिला। उसके पिता महेंद्र पुरी पिता स्व अवधेश पुरी का आरोप है कि उसके बेटे की हत्या कर शव को यहां फेंक दिया गया है।
परिजनों ने यह भी बताया कि जहानाबाद की एक युवती से उसका आना-जाना था। उन्हें शक है कि रात में एक लड़के ने शराब पीने के लिए उसे बुलाया था और उसी ने बुलाकर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल और थानाध्यक्ष विवेक भारती पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया है।

इस घटना से न केवल इलाके में बल्कि पूरे मसौढ़ी में सनसनी फैल गई है। पिछले दो दिनों में दो हत्याएं हो चुकी हैं, जिससे यह घटना पुलिस के लिए भी सिरदर्द बनी हुई है। प्रारंभिक तौर पर अवैध संबंध के कारण हत्या होने की आशंका जताई जा रही है। अनुमंडल पुलिस राघव दयाल ने बताया कि पूरी घटना की जांच की जा रही है। मृतक के मोबाइल पर रात में आए कॉल, जहानाबाद वाली युवती और तमाम बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर तहकीकात कर रही है।