नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रक्सौल। पूर्वी चंपारण सीमावर्ती रक्सौल के सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने की तैयारी है। कहीं स्कूल की चहारदीवारी बनेगी तो कहीं विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त क्लास रूम और शौचालय की सुविधा विकसित की जाएगी।
ग्रामीण विकास मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने शुक्रवार को एक योजना का उद्घाटन किया, जबकि तीन योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं के पूरा होने से स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा। इस मौके पर सांसद डा. संजय जायसवाल व भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय सहित एनडीए के कई नेता मौजूद थे।
एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार गुरुवार की रात भारत-नेपाल सीमा से सटे शहर रक्सौल पहुंचे। शुक्रवार की सुबह उन्होंने सिंचाई विभाग के अतिथि गृह में एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद प्रेस वार्ता कर प्रखंड क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी।
लक्ष्मीपुर स्कूल की चहारदीवारी का उद्घाटन
मंत्री ने प्रखंड क्षेत्र की लक्ष्मीपुर लछुमनवा पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लक्ष्मीपुर में वीबी जी राम जी योजना के तहत चहारदीवारी निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इस निर्माण कार्य पर 8,95,259 रुपये खर्च किए जाएंगे। चहारदीवारी बनने से विद्यालय परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था बेहतर होगी।
डीह टोला स्कूल में तीन योजनाओं का शिलान्यास
इसके बाद मंत्री ने नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, डीह टोला में तीन योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें अतिरिक्त क्लास रूम का निर्माण प्रमुख है। इस पर 14,96,998 रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 2,15,863 रुपये की लागत से शौचालय निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।