जीजीएसइएसटीसी बोकारो में ओपन काउंसलिंग सत्र 2026-27, 687 विद्यार्थियों ने लिया भाग, 650 से अधिक का औपबंधिक चयन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटी टेक्निकल कैंपस (जीजीएसइएसटीसी), इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट कॉलेज, चास, बोकारो में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन हेतु ओपन काउंसलिंग का सफल आयोजन किया गया। काउंसलिंग में विद्यार्थियों का उत्साह देखने को मिला। कुल 687 विद्यार्थियों ने ओपन काउंसलिंग में भाग लिया, जिनमें से 650 से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न पाठ्यक्रमों में औपबंधिक रूप से चयन हुआ।

ओपन काउंसलिंग के दौरान बी.टेक (रेगुलर एवं लेटरल इंट्री), डिप्लोमा (रेगुलर एवं लेटरल इंट्री), एमबीए, बीबीए तथा बीसीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में औपबंधिक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की गई। विद्यार्थियों को पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं तथा करियर की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में डीटीइ, रांची की ओर से सरकारी प्रतिनिधि के रूप में श्री गनौरी दास, व्याख्याता, राजकीय पॉलिटेक्निक, खुतरी उपस्थित रहे। उन्होंने काउंसलिंग प्रक्रिया की निगरानी की तथा विद्यार्थियों को प्रवेश से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
संस्थान के निदेशक डॉ. प्रियदर्शी जरुहार ने काउंसलिंग में उपस्थित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के निर्माण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि जीजीएसइएसटीसी एक नैक बी++ प्रत्यायित संस्थान है और संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि संस्थान के विद्यार्थियों को 45 राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों द्वारा रोजगार के लिए चयनित किया जा चुका है, जो संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।
इस अवसर पर जीजीइएस के सचिव एस. पी. सिंह एवं अध्यक्ष तरसेम सिंह ने काउंसलिंग में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ओपन काउंसलिंग के सफल आयोजन और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के औपबंधिक चयन से जीजीएसइएसटीसी, बोकारो में तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों के बढ़ते रुझान को स्पष्ट रूप से देखा गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्थान के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।