नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
भागलपुर। राजनीति में जब अपने ही अपनों पर सवाल उठाने लगें, तो बयानबाजी तीखी होना स्वाभाविक है। भागलपुर में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां मंत्री महोदय ने सांसद के तेवरों पर एतराज जताते हुए उन्हें ‘चेत जाने’ की नसीहत दे डाली। मंत्री ने दो-टूक शब्दों में याद दिलाया कि पार्टी और गठबंधन ने ही उन्हें मुकाम दिया है, इसलिए विरोध के तरीके शालीन और अंदरूनी होने चाहिए, न कि सार्वजनिक रूप से जनता के बीच असमंजस पैदा करने वाले।
खरीक प्रखंड के काजी कोरैया में पथनिर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने भागलपुर सांसद अजय मंडल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। एक सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने सांसद को चेतावनी देते हुए कहा, “सांसद महोदय, आप चेत जाइए, नहीं तो आने वाला समय आपके लिए काफी बुरा होगा।” मंत्री के संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंत्री ने भागलपुर के सांसद अजय मंडल के सार्वजनिक बयानों पर गहरी आपत्ति जताते हुए कहा कि खरीक प्रखंड के काजी कोरैया की सभा में यदि विकास कार्यों जैसे बेली ब्रिज या कटाव निरोधी कार्य में कोई कमी या अनियमितता दिखती है, तो उसे सोशल मीडिया पर उछालने के बजाय सरकार के उचित मंच पर रखना चाहिए। मंत्री ने रेखांकित किया कि एनडीए (भाजपा-जदयू) गठबंधन ने ही अजय मंडल को राजनीतिक पहचान दी और दो-दो बार विधायक व सांसद बनाया। ऐसे में सरकार विरोधी रुख अपनाना असहज करने वाला है।
सभा के दौरान मंत्री शैलेंद्र ने पिछले विधानसभा चुनाव मे उन्हें 61 हजार वोट कैसे मिले और यह वोट किसने दिया, यह जनता जानती है। मंत्री ने कहा कि आगामी चुनावी भविष्य की ओर इशारा करते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और वही जनप्रतिनिधियों के कार्यों का सही मूल्यांकन करेगी। इस दौरान मंत्री ने जातिगत आधार पर समाज और राजनीति को बांटने की प्रवृत्ति से ऊपर उठकर विकासोन्मुख सोच अपनाने की बात कही।
क्षेत्र को कटाव से बचाने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। काजी कोरैया पहुंचे मंत्री शैलेंद्र ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया है कि बांध की सुरक्षा के लिए इस बार विशेष तकनीक से पाइलिंग कराई जाएगी और आरसीसी की मजबूत दीवार खड़ी की जाएगी। विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे काम की गुणवत्ता के सवालों पर उन्होंने कहा कि वह खुद मौके पर जाकर स्थिति की समीक्षा करेंगे ताकि काम में कोई कमी न रहे। सोशल मीडिया पर भी उनके इस जमीनी दौरे की काफी चर्चा हो रही है।
भागलपुर के खरीक प्रखंड में पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र और सांसद अजय मंडल के बीच का विवाद सत्ताधारी गठबंधन के भीतर आपसी समन्वय की कमी को उजागर करता है। मंत्री द्वारा सांसद को दी गई सार्वजनिक चेतावनी यह दर्शाती है कि विकास कार्यों या नीतियों पर असंतोष को लेकर नेताओं के बीच मतभेद अब खुलकर सामने आ रहे हैं। इस प्रकार की बयानबाजी से जहां एक ओर विपक्षी दलों को मुद्दा मिलता है, वहीं दूसरी ओर गठबंधन की एकजुटता पर भी सवाल खड़े होते हैं।