सांसद कौशलेंद्र कुमार एवं मंत्री श्रवण कुमार ने कैडेटों का बढ़ाया उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नालंदा। 38 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, 38 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजेश बहरी तथा उप कमान अधिकारी कर्नल अजय कुमार ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह में एनसीसी कैडेटों में खासा उत्साह देखने को मिला।

समारोह को संबोधित करते हुए कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजेश बहरी एवं उप कमान अधिकारी कर्नल अजय कुमार ने सभी कैडेटों का स्वागत किया। उन्होंने संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के उद्देश्यों और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। एनसीसी के माध्यम से कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय एकता, आत्मविश्वास और सेवा भावना का विकास होता है।
उन्होंने कैडेटों से शिविर के दौरान होने वाली विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में पूरी लगन और अनुशासन के साथ भाग लेने का आह्वान किया। शिविर में हथियार प्रशिक्षण, ड्रिल, शारीरिक दक्षता, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि एनसीसी केवल एक यूनिफॉर्म नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, देशभक्ति और नेतृत्व की ट्रेनिंग है। उन्होंने कहा कि जो छात्र आज मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, वही भविष्य में देश के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। उन्होंने कैडेटों के अनुशासन, ऊर्जा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की वास्तविक ताकत है।
मंत्री ने कहा कि कैडेटों के प्रशिक्षण के दौरान केवल उनकी शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि उनके व्यवहार, टीम वर्क और देश के प्रति समर्पण को भी देखा जाएगा। उन्होंने कैडेटों को पूरी मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ शिविर में भाग लेने की सलाह देते हुए कहा कि मेहनत का परिणाम हमेशा बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के समग्र विकास और कौशल उन्नयन के लिए लगातार प्रयासरत है।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कैडेटों को संबोधित करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सुधार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने एनसीसी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, चरित्र संवर्धन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने कैडेटों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों को अपने जीवन में उतारने तथा समाज और देश की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की अपील की।
शिविर में कैडेटों के प्रशिक्षण एवं संचालन के लिए बटालियन के प्रशासनिक अधिकारी, सूबेदार मेजर ललिनद्र टिग्गा, ट्रेनिंग सीओ मदन मेहता, सूबेदार बीसी पाण्डेय, सेना प्रशिक्षक मानसिंह, नरेंद्र शर्मा, नायक सूबेदार रहमत, सूबेदार गौ बहादुर आले, बीएचएम भीम बहादुर, ऋषि थापा, हवलदार संजय सिंह, हवलदार मुकुल कुमार, रोमन अधिकारी जागवेंदू सोय, के. टोप्पो, एसोसिएट एनसीसी अधिकारी शैलेश कुमार, रंजन रवि कुमार, रंजन प्रशांत कुमार, शैलेन्द्र कुमार, प्रधान लिपिक उमाशंकर सहित कई अधिकारी एवं प्रशिक्षण कर्मी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, आपदा प्रबंधन और राष्ट्रसेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर को लेकर कैडेटों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।