साइबर मंगलवार के अवसर पर औरंगाबाद में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में सदर प्रखंड अंतर्गत पोखराहा पंचायत में “साइबर मंगलवार” के अवसर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं सेमिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंचायत के नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों, डिजिटल सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मनोरंजन पाठक स्वाधार फिनएक्सेस (CFL), जिला प्रभारी, औरंगाबाद द्वारा सेमिनार आयोजित कर छात्रों को साइबर जागरूकता के विषय में जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया एवं डिजिटल माध्यमों का उपयोग अत्यंत सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ करें। किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी निजी तस्वीरें, व्यक्तिगत जानकारी अथवा संवेदनशील सामग्री साझा करने से बचें। कई बार विश्वास का दुरुपयोग कर साइबर अपराधी ब्लैकमेलिंग एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं। ऐसी किसी भी स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल अपने अभिभावकों एवं पुलिस को सूचित करें।
जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस हर नागरिक की सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी के साथ ओटीपी, बैंक खाता संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय सूचनाएं साझा न करें। यदि मोबाइल या सोशल मीडिया के माध्यम से किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, साइबर ठगी अथवा ब्लैकमेलिंग का प्रयास हो तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें तथा संबंधित पुलिस थाना अथवा साइबर थाना को सूचित करें।
जिला पदाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, जिससे साइबर अपराधों की रोकथाम में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
साइबर अपराधी विभिन्न माध्यमों से लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, फर्जी कॉल, संदेश एवं ऑनलाइन प्रलोभनों से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने एवं www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराये।समय पर शिकायत दर्ज होने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को मजबूत पासवर्ड के उपयोग, सोशल मीडिया पर सावधानी, ऑनलाइन गेमिंग एवं निवेश के नाम पर होने वाली ठगी, डिजिटल अरेस्ट सहित विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई तथा उन्हें एक जिम्मेदार एवं जागरूक डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना था। जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि प्रत्येक मंगलवार “साइबर मंगलवार” के रूप में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि समाज के सभी वर्गों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके।