बेताब अहमद
डेहरी ऑन सोन, रोहतास। बिहार राज्य के रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन में प्रशासन ने अवैध और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होटल संचालकों को कड़ी चेतावनी दी है। शहर की कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में प्रशासन ने एक मिसाल पेश की है। गुप्त सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए डेहरी पुलिस और प्रशासनिक महकमे ने मंगलवार को स्टेशन रोड स्थित अनीस होटल में अचानक दस्तक दी। इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान नियमों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे इस सैक्स रैकेट का खेल का पर्दाफाश हुआ।
![]()
छापेमारी के दौरान कमरों की तलाशी लेने पर चार युवतियां और दो व्यक्ति आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जिन्हें मौके से ही हिरासत में ले लिया गया। हैरत की बात यह है कि होटल के रजिस्टर में इन लोगों की कोई एंट्री तक दर्ज नहीं थी, जो होटल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही और मिलीभगत को साफ दर्शाता है। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है। प्रशासन ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए न सिर्फ कमरों से पकड़े गए लोगों को दबोचा, बल्कि होटल के मैनेजर को भी हिरासत में ले लिया है। अब होटल के मुख्य मालिक पर भी शिकंजा कसने की पूरी तैयारी है।

एसडीएम निलेश कुमार और एसडीपीओ-1 संजीव कुमार के नेतृत्व में हुई इस छापामारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि समाज विरोधी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच के दौरान मौके से चार युवतियों और दो व्यक्ति को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया, जिन्हें तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई अन्य होटल संचालकों के लिए भी एक कड़ी चेतावनी है कि वे अपने परिसरों में इस तरह की गैर-कानूनी गतिविधियों से दूर रहें। प्रशासन की इस मुस्तैदी से स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि ऐसे अभियानों से शहर में अपराध पर लगाम लगेगी।
डेहरी के एसडीएम निलेश कुमार ने साफ कर दिया है कि शहर के किसी भी होटल में कानून और नियमों के खिलाफ जाकर ऐसी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि प्रशासन की यह कार्रवाई अभी थमी नहीं है। अन्य संदिग्द होटलों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से शहर के अवैध होटल कारोबारियों में भारी हड़कंप मच गया है।