नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नवादा। बिहार रज्य केन वादा जिला के गोविंदपुर में साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया और खतरनाक तरीका अपनाया है। सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की चाहत रखने वाले लोग अब इन ठगों के सीधे निशाने पर हैं। ताजा मामला दीनानाथ कुमार साव का है, जिन्हें ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ की फर्जी लिस्ट का लालच देकर साइबर अपराधियों ने महज 15 मिनट के भीतर 47,061 रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित के पास शुक्रवार रात एक संदेश आया, जिसमें आवास सूची में नाम होने का दावा कर एक लिंक भेजा गया था। जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक पर क्लिक किया, उनके इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक खाते से आधी रात को (12:40 से 12:55 बजे के बीच) पांच बार में पूरी रकम साफ हो गई। मामले में गोविंदपुर थाना में शिकायत (सन्हा) दर्ज कर ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12:40 बजे पीड़ित को पीएम आवास योजना से जुड़ा एक संदिग्ध लिंक मिला। सूची में अपना नाम देखने की उत्सुकता में पीड़ित ने लिंक पर क्लिक किया और बिना कोई ओटीपी या बैंकिंग जानकारी साझा किए, सिर्फ ‘मालवेयर लिंक’ के एक्टिवेट होते ही 15 मिनट के भीतर खाते से पांच ट्रांजैक्शन हो गए।
पीड़ित की लिखित शिकायत पर गोविंदपुर थाना के एएसआई रामबली प्रसाद ने सन्हा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इन बैंकिंग ट्रांजैक्शन के डिजिटल फुटप्रिंट्स को खंगाल रही है ताकि पैसों के रूट का पता लगाया जा सके। गोविंदपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सरकारी योजना, केवाईसी या इनाम के नाम पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक को न खोलें। एक छोटी सी लापरवाही आपकी गाढ़ी कमाई को डूबा सकती है।