नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। रोहतास जिलावासियों को अब आए दिन लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलने वाली है। प्रशासन ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कमर कस ली है। हाल ही में हुई जिला पदाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रोहतास श्री राज की अध्यक्षता में सासाराम शहर में यातायात एवं जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए एक कड़ा मास्टर प्लान बनाया है, जिसके तहत अब लापरवाही बरतने वालों पर सीधी कार्रवाई होगी्।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम, नगर आयुक्त, नगर निगम सासाराम, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों एवं जाम प्रभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा यातायात के निर्बाध संचालन के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। जिला पदाधिकारी ने शहर में अतिक्रमण एवं जाम की समस्या को नियंत्रित करने के लिए विशेष अतिक्रमण दस्ता दल का गठन करने का निर्देश दिया। यह दस्ता शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण एवं जाम की निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। कार्रवाई से पूर्व दस्ता द्वारा संबंधित क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से लोगों को अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की सूचना दी जाएगी।
शहर में यातायात व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए संबंधित पदाधिकारी एवं ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन से नियमित भ्रमण कर जाम की स्थिति की निगरानी की जाएगी। बैठक में सासाराम शहर के प्रमुख मार्गों पर बसों के ठहराव पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। शहर में सिंगल लेन ट्रैफिक व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लोगों एवं वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।