आशियाने की उम्मीद लेकर पहुंचे गरीब परिवार, अब तक एक हजार से अधिक आवेदन जमा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धूप में तपते चेहरे, हाथों में आवेदन के कागज और आंखों में अपने आशियाने का सपना। बुधवार को मसौढ़ी अंचल में आयोजित ‘अभियान बसेरा’ के विशेष शिविरों में भूमिहीन गरीब परिवारों की ऐसी ही तस्वीर देखने को मिली। वर्षों से जमीन के अभाव में दूसरों की जमीन या अस्थायी ठिकानों पर जीवन गुजार रहे परिवार अपने लिए जमीन मिलने की उम्मीद लेकर शिविरों में पहुंचे। सुबह से ही आवेदन जमा करने के लिए लोगों की कतारें लगी रहीं।
शासन के निर्देश पर मसौढ़ी अंचल मुख्यालय सहित विभिन्न पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए गए। शिविर में पहुंचे लोगों से अंचल प्रशासन की टीम ने निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्राप्त किए और आवश्यक दस्तावेज जमा कराए। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण पूरे दिन शिविरों में चहल-पहल बनी रही।
अंचलाधिकारी ऋषिकेश कुमार ने बताया कि विभागीय गाइडलाइन के अनुसार 10 नवंबर तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अब तक एक हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। सभी आवेदनों की निष्पक्ष तरीके से भौतिक जांच एवं सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने वाले भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार निःशुल्क भूमि आवंटित की जाएगी, ताकि वे उस पर अपना घर बना सकें।
शिविर में पहुंचे भूमिहीन परिवारों के लिए जमीन मिलना सिर्फ एक सरकारी योजना का लाभ नहीं, बल्कि वर्षों से देखे जा रहे अपने पक्के आशियाने के सपने को पूरा करने की उम्मीद है। कई परिवार आवेदन जमा करने के साथ यह जानकारी लेने में भी जुटे रहे कि जमीन आवंटन की प्रक्रिया कब और किस प्रकार पूरी होगी।
शिविरों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए अंचल निरीक्षक, राजस्व कर्मचारी, अंचल अमीन एवं अंचल सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक कर्मियों ने लोगों के आवेदन और दस्तावेजों की जांच कर उन्हें आवश्यक जानकारी भी दी।