नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। भगवानगंज थाना क्षेत्र के चिथौल पोखर गांव में आपसी विवाद के दौरान हाथ में देसी कट्टा लहराकर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
भगवानगंज थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को गुप्त सूचना मिली थी कि चिथौल पोखर गांव में आपसी विवाद के दौरान एक युवक हथियार लहराकर लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अविनाश कुमार, पिता सहेंद्र कुमार, निवासी चिथौल पोखर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देसी पिस्तौल और उसमें लोड एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने यह पिस्तौल करीब दो वर्ष पहले अपने एक दोस्त से मांगी थी। पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत, उसके आपराधिक इतिहास और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पिछले दो माह के दौरान भगवानगंज थाना क्षेत्र में हथियार बरामदगी की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले हुई दो घटनाओं में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों का खुलासा हुआ था, जबकि यह मामला आपसी विवाद के दौरान हथियार के प्रदर्शन से जुड़ा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और उनका प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।