नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
भोजपुर। भोजपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पीरो थाना क्षेत्र के मनैनी छपका गांव में एक किराना दुकान पर छापेमारी की। पुलिस ने दुकान से 8 किलो 760 ग्राम गांजा बरामद किया है। मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, दुकान से गांजा की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर की शाम सूचना मिली थी कि सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के नवाडीह निवासी अमित ठाकुर (27 वर्ष) मनैनी छपका गांव स्थित अपनी किराना दुकान में गांजा छिपाकर रखता है और उसकी बिक्री करता है। सूचना का सत्यापन करने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पीरो के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने किराना दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से 8 किलो 760 ग्राम गांजा, गांजा तौलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला डिजिटल तराजू और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से अमित ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पीरो थाना कांड संख्या 310/26, दिनांक 25 सितंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)(B) में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। छापेमारी दल में पीरो थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। कार्रवाई के बाद इलाके में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री करने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।