नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में जिला वार्षिक खेल कार्यक्रम 2026-27 के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ आज गेट स्कूल, औरंगाबाद के खेल मैदान में किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा आकाश में गुब्बारा उड़ाकर प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की गई। इसके पश्चात बिहार गीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
तत्पश्चात जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, जिला खेल पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी एवं वरीय उपसमाहर्ता बेबी प्रिया द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया।
स्वागत अभिभाषण में जिला खेल पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, ऊर्जा एवं खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों का मार्गदर्शन और सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग कर रहे निर्णायकगण, पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का अवसर है, क्योंकि आज जिला स्तरीय विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हो रहा है। यह प्रतियोगिता 28 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि उन्हें पूरी आशा है कि औरंगाबाद के प्रतिभावान खिलाड़ी विभिन्न स्तरों पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन करेंगे तथा आगे चलकर राज्य एवं देश का नाम भी गौरवान्वित करेंगे।
उन्होंने अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय उन्हें भी खो-खो एवं बास्केटबॉल जैसी खेल गतिविधियों में चयनित होने का अवसर मिला था, हालांकि वे आगे तक नहीं जा सकीं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के खिलाड़ियों के पास बेहतर अवसर हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा का भरपूर उपयोग करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
अंत में जिला पदाधिकारी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, प्रशिक्षकों, शिक्षकों, निर्णायकगण, पदाधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े सभी कर्मियों को शुभकामनाएं दीं।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की गई। जिला पदाधिकारी ने मैदान में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता खिलाड़ियों को जिला पदाधिकारी द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज, विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकगण, शिक्षकगण, निर्णायकगण, आयोजन से जुड़े पदाधिकारी एवं कर्मी तथा जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित प्रतिभावान छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।