नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। क्या आपमें एक बेहतरीन डिज़ाइनर छुपा है? क्या आप रोहतास जिले की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को एक नए प्रतीक चिह्न (लोगो) के रूप में देखना चाहते हैं? जिला प्रशासन रोहतास ने जिले की गौरवशाली सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को एक विशिष्ट प्रतीक चिह्न (लोगो) देने के लिए एक ‘लोगो डिजाइन प्रतियोगिता’ का आयोजन किया है। जिला प्रशासन रोहतास आपको दे रहा है अपनी रचनात्मकता दिखाने का एक सुनहरा मौका! यदि आपके पास कलात्मक सोच है, तो आगे आएं और रोहतास की विरासत को एक नई पहचान देने में अपना योगदान दें!
जिला पदाधिकारी रोहतास के निर्देशानुसार रोहतास जिले के लिए आधिकारिक प्रतीक चिह्न (लोगो) तैयार करने हेतु एक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में रोहतास जिले के सभी इच्छुक प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य रोहतास जिले की विशिष्ट पहचान को दर्शाने वाला एक आकर्षक, मौलिक एवं अर्थपूर्ण प्रतीक चिह्न तैयार करना है। प्रतिभागियों को लोगो तैयार करते समय रोहतास जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, भौगोलिक विशेषताओं एवं विशिष्ट पहचान को ध्यान में रखना होगा। चयनित प्रतीक चिह्न का उपयोग भविष्य में जिले की आधिकारिक पहचान के रूप में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, मीडिया तथा विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में किया जा सकेगा।
प्रतियोगिता से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें निम्नलिखित हैं:-
निर्णय लेते समय मानव निर्मित (बिना AI के बने) ओरिजिनल लोगो डिज़ाइनों को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी प्रतिभागियों को अपना लोगो 24 अक्टूबर, 2026 तक भेजना अनिवार्य है। प्रविष्टियां केवल आधिकारिक ई-मेल dacosasaram@gmail.com पर ही स्वीकार की जाएंगी। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए लोगो मान्य नहीं होंगे। तकनीकी समस्या से बचने के लिए लोगो को सामान्य और प्रचलित डिजिटल इमेज फॉर्मेट (जैसे JPEG, PNG) में ही भेजें।

पुरस्कार और सम्मान:-
विजेताओं का चयन एक विशेष समिति द्वारा किया जाएगा। प्रथम स्थान पाने वाले को मेडल और ₹5,000 की नकद राशि, द्वितीय स्थान पाने वाले को मेडल और तृतीय स्थान पाने वाले को मेडल। प्रतियोगिता में प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन गठित समिति द्वारा किया जाएगा। समिति के निर्णय के आधार पर चयनित प्रतिभागियों को निम्नानुसार पुरस्कृत किया जाएगा।
जिला प्रशासन, रोहतास की ओर से सभी प्रतिभाशाली नागरिकों एवं रचनात्मक अभिरुचि रखने वाले प्रतिभागियों से अपील की जाती है कि वे इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लें तथा अपनी रचनात्मकता के माध्यम से रोहतास जिले की गौरवशाली सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान को एक विशिष्ट प्रतीक चिह्न प्रदान करने में अपना योगदान दें।