तीन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग, सुरक्षा में रहे पुलिस पदाधिकारी व जवान, अनधिकृत वाहन लेकर घुसे व्यक्ति को हिरासत में लिया
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पालीगंज (पटना)। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर शुक्रवार को पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से कराया गया। इस दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं, पालीगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में अनधिकृत रूप से वाहन लेकर प्रवेश करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पालीगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दो मतदान केंद्र बनाए गए थे। मतदान केंद्र संख्या 113, प्रखंड कार्यालय पूर्वी भाग में कुल 1035 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 519 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, मतदान केंद्र संख्या 114, प्रखंड कार्यालय पश्चिमी भाग में कुल 1171 मतदाताओं में से 613 ने मतदान किया।
इस प्रकार दोनों मतदान केंद्रों पर कुल 2206 मतदाताओं में से 1132 मतदाताओं ने वोट डाले। वहीं, पालीगंज अंचल कार्यालय में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान केंद्र संख्या सात बनाया गया था। यहां कुल 214 मतदाताओं में से 170 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अलावा बिक्रम और दुल्हिनबाजार प्रखंड कार्यालयों में भी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान केंद्र बनाए गए थे।
मतदान को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार, एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह और पालीगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। प्रखंड परिसर स्थित मतदान केंद्रों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई थी।
इसके अलावा नगर बाजार के बिहटा मोड़ और अनुमंडल कार्यालय के समीप भी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस जवान आने-जाने वाले वाहनों की जांच करते नजर आए। प्रशासन की सतर्कता के कारण मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
मतदान के दौरान पालीगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में अनधिकृत रूप से गाड़ी लेकर प्रवेश करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया। उसे हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। मतदान केंद्रों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने परिसर में वाहनों की आवाजाही पर निगरानी रखी।
निर्वाचन प्रक्रिया के अगले चरण में आगामी 27 अक्टूबर को पटना के एएन कॉलेज में मतगणना की जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।