मशरूम हट निर्माण पर 80 प्रतिशत एवं मशरूम किट पर 100 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के आकांक्षी प्रखंडों में मशरूम उत्पादन को प्रोत्साहित करने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से मशरूम हट निर्माण एवं मशरूम किट वितरण की योजना क्रियान्वित की जा रही है।
इस योजना के तहत पात्र लाभुकों को मशरूम हट के निर्माण पर 80 प्रतिशत अनुदान तथा मशरूम किट पर 100 प्रतिशत अनुदान का लाभ प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
योजना के अंतर्गत आकांक्षी प्रखंडों की सभी पंचायतों में एक-एक मशरूम हट का निर्माण कराया जाना है। इस प्रकार कुल 80 मशरूम हटों का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 2,000 मशरूम किट का वितरण 100 प्रतिशत अनुदान पर किया जाना प्रस्तावित है। इससे किसानों एवं इच्छुक लाभुकों को मशरूम उत्पादन की गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर, 2026 निर्धारित है। इच्छुक एवं पात्र लाभुक निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना आवेदन जिला कृषि कार्यालय, औरंगाबाद में जमा कर सकते हैं। लाभुकों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जिला कृषि कार्यालय से जानकारी प्राप्त कर निर्धारित तिथि तक आवेदन सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आवेदन प्राप्त करने के लिए आकांक्षी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारियों, कृषि समन्वयकों एवं किसान सलाहकारों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने क्षेत्र में किसानों तथा इच्छुक लाभुकों को योजना के प्रति जागरूक करते हुए लक्ष्य के अनुरूप आवेदन प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे।
जिला प्रशासन का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करना, किसानों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर विकसित करना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। मशरूम उत्पादन कम भूमि में कृषि आधारित आजीविका का एक उपयोगी विकल्प बन सकता है। ऐसे में इच्छुक किसान एवं लाभुक इस योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन करें।