भारत में पोलियो के नए मामले नहीं, लेकिन वायरस के खतरे को देखते हुए सतर्कता और जागरूकता जरूरी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ धनबाद की ओर से लोगों को पोलियो के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत बेकारबांध स्थित जीवन ज्योति विशेष विद्यालय परिसर से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस पहल का उद्देश्य आम लोगों को पोलियो से बचाव, टीकाकरण के महत्व और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के प्रति जागरूक करना है।

इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ धनबाद के सचिव राघव आर्य ने कहा कि भारत में पोलियो उन्मूलन की दिशा में बड़ी सफलता मिली है और देश में लंबे समय से पोलियो का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। हालांकि, दुनिया के कुछ देशों में पोलियो का खतरा अब भी बना हुआ है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और बच्चों के नियमित टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान में पोलियो के मामले अब भी सामने आते हैं। इसलिए भारत में पोलियो से बचाव के लिए जागरूकता बनाए रखना जरूरी है। जागरूकता वाहन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को पोलियो के खतरे, बचाव के उपायों और टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
रोटरी क्लब का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा पोलियो जैसी गंभीर बीमारी का शिकार न हो। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। विश्व पोलियो दिवस पर शुरू की गई यह पहल लोगों को जागरूक करने और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।