घायल सफाईकर्मी के इलाज, ईएसआई सुविधा और वेतन वृद्धि की मांग; धरने में शामिल होने से रोकने के लिए डराने-धमकाने का आरोप
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद नगर निगम के कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर अखिल भारतीय मजदूर संगठन की जिला इकाई धनबाद नगर निगम कर्मचारी यूनियन ने शनिवार को नगर निगम मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय भूख हड़ताल और धरना दिया। इस दौरान यूनियन ने कर्मचारियों की 25 सूत्री मांगों को पूरा करने, ईएसआई एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, वेतन वृद्धि और कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। धरने के दौरान यूनियन सदस्यों और निगम अधिकारियों के बीच बहस भी हुई।यूनियन ने आरोप लगाया कि धरने में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले मजदूरों को डराया-धमकाया गया। उन्हें नौकरी से हटाने और वेतन रोकने का भय दिखाया गया। वहीं, निगम अधिकारियों का कहना था कि प्रदर्शनकारियों को कार्यालय के गेट के सामने से हटाया जा रहा था।
घायल सफाईकर्मी के इलाज की मांग
यूनियन ने 23 अक्टूबर को बैंक मोड़ क्षेत्र में डिवाइडर पर सफाई करने के दौरान एक मजदूर के कार की चपेट में आने की घटना को भी उठाया। संगठन के अनुसार, दुर्घटना में मजदूर की कमर की हड्डी में गंभीर चोट आई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। यूनियन ने घायल कर्मचारी को तत्काल चिकित्सा सहायता और आर्थिक सहयोग देने की मांग की। साथ ही पात्र कर्मचारियों का ईएसआई पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मजदूरों के अधिकारों के लिए आंदोलन
यूनियन के अध्यक्ष अंजनी सिंह ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि मजदूरों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान के लिए है। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा तथा उचित वेतन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में यूनियन शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी। यूनियन ने अपनी मांगों और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त, महापौर और श्रम विभाग को शिकायत देने की बात कही है।