नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में पुराने जीटी रोड पर जिलाधिकारी आवास के सामने विशेष वाहन जांच अभियान संचालित किया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करना था। अभियान में मोटरयान निरीक्षकों (MVI) एवं प्रवर्तन अवर निरीक्षकों (ESI) ने भाग लिया।
अभियान के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया सहित विभिन्न प्रकार के वाहनों की सघन जांच की गई। इस क्रम में हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग के साथ-साथ वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन प्रमाण-पत्र (RC), बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान यातायात नियमों एवं मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
उक्त विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान कुल 111 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 8,28,640 (आठ लाख अट्ठाईस हजार छह सौ चालीस रुपये) का शमन अधिरोपित किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के वाहन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद आम नागरिकों से अपील करता है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित वाहन परिचालन के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाएं। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग कर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने तथा स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करें।