न्याय शुल्क और वेलफेयर टिकट नहीं मिलने से अधिवक्ताओं, छात्रों और आम लोगों की बढ़ी परेशानी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। व्यवहार न्यायालय औरंगाबाद में फ्रैंकिंग मशीन का लिंक पिछले दो दिनों से फेल रहने के कारण न्यायिक कार्यों से जुड़े कई जरूरी काम बाधित हो गए हैं। इससे अधिवक्ताओं, छात्रों और आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एफिडेविट का कार्य पूरी तरह रुक गया है, वहीं न्यायालय में जरूरी टिकट उपलब्ध नहीं होने से विभिन्न प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं।
फ्रैंकिंग मशीन का लिंक बाधित होने से वकालतनामा, जमानत आवेदन, बंधपत्र और मोहलतनामा सहित अन्य न्यायिक कार्यों के लिए आवश्यक टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। इसके कारण अधिवक्ताओं और न्यायालय पहुंचने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यवहार न्यायालय के नकलखाना से दस्तावेजों की सत्यापित प्रतिलिपि प्राप्त करने का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। इससे न्यायालय से संबंधित जरूरी प्रक्रियाओं में देरी हो रही है। फ्रैंकिंग मशीन के माध्यम से वेलफेयर टिकट भी उपलब्ध कराए जाते थे, लेकिन लिंक फेल रहने से इनकी उपलब्धता भी बाधित है।
जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 से टिकट उपलब्ध होने की संभावना है।