केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी बोलीं- स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए मां और बच्चे का स्वस्थ होना जरूरी, भारत पेट्रोलियम ने सीएसआर मद से उपलब्ध कराए पोषण किट
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। केंद्र सरकार महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर गंभीर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को गिरिडीह जिले के बेंगाबाद में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने एक हजार गर्भवती और धात्री महिलाओं के बीच पोषण किट का वितरण किया। भारत पेट्रोलियम की ओर से कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद के तहत ये पोषण किट उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने महिलाओं को बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज का निर्माण तभी संभव है, जब मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हों। गर्भावस्था और प्रसव के बाद महिलाओं को पौष्टिक आहार मिलना बेहद जरूरी है। इससे न केवल महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि बच्चे के शारीरिक और मानसिक विकास को भी मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं। उनकी सकारात्मक सोच और दूरदर्शी पहल के कारण महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पोषण संबंधी जागरूकता और जरूरतमंद महिलाओं तक पौष्टिक आहार पहुंचाना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वितरित पोषण किट में दाल और विभिन्न प्रकार के सूखे मेवे शामिल थे। इसका उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना और कुपोषण की समस्या को कम करने में सहयोग करना है। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश यादव, मुकेश जालान समेत कई वरिष्ठ नेता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को अपने खानपान, स्वास्थ्य और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया गया।