नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। मसौढी थाना क्षेत्र के तारेगना डीह महावीर नगर वार्ड नंबर-02 में बुधवार को पुरानी रंजिश में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने वारदात को छुपाने के लिए शव को धनरुआ थाना क्षेत्र के कोल्हाचक के पास दरधा नदी में फेंक दिया, मौके पर पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, उसी के निशानदेही पर पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान निशांत कुमार, उम्र 16 वर्ष, पिता स्वर्गीय पंकज कुमार, मूल निवासी- भलुआ गांव, लहसुना के रूप में हुई है। वह वर्तमान में तारेगना डीह वार्ड नंबर-02 में रह रहा था। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार निशांत कुमार शाम 4 बजे घर से निकला था। सुबह में उसके भाई अविनाश कुमार के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल एवं थानाध्यक्ष विवेक कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। पुलिस ने डॉग स्क्वायड को बुलाकर सर्च अभियान चलाया। दरअसल पुलिस ने कुम्हारटोली से अंशु कुमार पिता इंदल चौधरी को गिरफ्तार किया। उसी की निशानदेही पर धनरुआ के कोल्हाचक के पास दरधा नदी के किनारे से शव को बरामद किया गया। मृतक के चेहरे पर तीन गोली मारे जाने के निशान मिले हैं। घटनास्थल से एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

17 जून 2025 के राजेश चौधरी हत्याकांड से जुड़ा तार
एसडीपीओ राघव दयाल ने बताया कि यह पूरी घटना बीते 17 जून 2025 को हुए राजेश चौधरी हत्याकांड से जुड़ी हुई है। 17 जून 2025 को दोपहर 11 बजे ठाकुरवाड़ी मंदिर के पास रहमतगंज निवासी राजेश चौधरी पिता सरयुग चौधरी रहमतगंज की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने 100 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया था। उक्त कांड में मृतक निशांत कुमार भी नामजद था और गिरफ्तार हुआ था। गिरफ्तारी के बाद निशांत ने ही पुलिस को पिस्टल किसके पास है, इसकी जानकारी दी थी। उसी रंजिश को लेकर हत्या की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि निशांत कुमार 15 दिन पहले ही जेल से छूट कर घर आया था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैली हुई है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।